आप ने आग को लेकर भाजपा पर निशाना साधा
पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने लैंडफिल साइट की आग को लेकर निगमों में भाजपा शासन पर निशाना साथा है। उन्होंने कहा कि लैंडफिल साइटों की आग भी निगम में भाजपा के पंद्रह साल के शासन की निशानी है। पर्यावरण मंत्री ने बुधवार को कहा कि भलस्वा लैंडफिल साइट में लगी आग को लेकर जांच रिपोर्ट मांगी गई है। इसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंद्रह साल निगमों में भाजपा शासन रहा है। इस दौरान ही दिल्ली के तीन कोनों पर कचरे के बड़े-बड़े पहाड़ खड़े हो गए हैं। कचरे के इन पहाड़ों के नाम पर तमाम भ्रष्टाचार किए गए।
लेकिन, वास्तव में कुछ नहीं किया गया। इसी का परिणाम है कि आज इनमें लगातार आग लग रही है। उन्होंने कहा कि भलस्वा लैंडफिल साइट की आग पर दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट आने के बाद उसी अनुसार कार्रवाई की जाएगी। हाल ही में गाजीपुर लैंडफिल साइट में लगी आग को लेकर भी डीपीसीसी से रिपोर्ट मांगी गई थी, जिसमें लापरवाही पाई जाने के बाद बाद पूर्वी दिल्ली नगर निगम पर पचास लाख का जुर्माना किया गया था।