ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट बोर्ड के पूर्व प्रमुख एलन क्रॉम्पटन का निधन
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष और लंबे समय तक प्रशासक रहे एलन क्रॉम्पटन का 81 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। क्रॉम्पटन ने 1992-1995 तक ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड (अब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया) के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया।
वह दो दशक से अधिक समय तक सिडनी ग्रेड के प्रतिष्ठित क्रिकेटर थे। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख के रूप में नियुक्ति से पहले उन्होंने क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स के अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों पर कार्य किया था।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) के अध्यक्ष एल. हेंडरसन ने कहा, ‘‘ क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया में एलन के साथ काम करने वाले और क्रिकेट के लिए उनकी सेवा से लाभान्वित होने वाले सभी लोगों को उनके निधन से गहरा दुख हुआ है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ एलन न्यू साउथ वेल्स और ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेट में 60 से अधिक वर्षों तक उल्लेखनीय ऊर्जा, उत्साह और विशेषज्ञता लेकर आये। वह खेल के सभी स्तरों पर एक उत्कृष्ट विरासत छोड़ गये है।’’