कर्नाटक सरकार ने तेजाब हमले की पीड़िता का खर्च वहन करने की घोषणा की
बेंगलुरु, 30 अप्रैल कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री के. सुधाकर ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार उस
24 वर्षीय युवती की चिकित्सा का खर्च उठाएगी जिस पर उसके ठुकराए हुए प्रेमी ने तेजाब फेंक दिया था। सुधाकर
ने आश्वासन दिया कि दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
मंत्री पीड़िता के पास गए जिसका यहां सेंट जॉन्स अस्पताल में इलाज चल रहा है। सुधाकर ने लड़की के परिजनों से
संवेदना जताई। सुधाकर ने कहा, “सरकार उस दोषी को नहीं छोड़ेगी जो इस जघन्य कृत्य के लिए जिम्मेदार है…
सरकार उसके (पीड़िता और उसके परिजन) साथ खड़ी है और महिला के उपचार का खर्च सरकार वहन करेगी।”
तेजाब हमले की निंदा करते हुए उन्होंने कहा, “यह एक अमानवीय घटना है जो शर्मनाक है और एक सभ्य समाज
के लिए अशोभनीय है। ऐसे मामलों को फास्ट ट्रैक अदालतों में चलाना चाहिए और दोषियों को जल्दी सजा देनी
चाहिए। तभी हम ऐसे असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश दे सकते हैं।”
बेंगलुरु में बृहस्पतिवार को 27 वर्षीय नागेश नामक एक व्यक्ति ने युवती पर तेजाब फेंक दिया था। पुलिस ने
मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि पीड़िता ने नागेश का शादी का प्रस्ताव ठुकरा दिया था इसलिए उसने
ऐसा किया।