डीयू की छात्रा ने की खुदकुशी
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में डीयू की छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका की पहचान गीता (23) के रूप में हुई है। पुलिस को मृतका के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि वारदात से पूर्व गीता के मोबाइल पर कोई कॉल आई थी। उसके बाद उसने यह कदम उठाया।
पुलिस ने गीता का मोबाइल कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस प्रेम प्रसंग समेत अन्य दृष्टिकोणों से मामले की छानबीन कर रही है। गीता के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक गीता परिवार के साथ हर्ष विहार के सबोली गली नंबर-4 में रहती थी। इसके परिवार में पिता राम दयाल, मां राजाबाई और दो बड़ी शादीशुदा बहनें हैं। गीता दिल्ली विश्वविद्यालय के एसओएल से बीकॉम प्रथम वर्ष की छात्रा थी। गुरुवार सुबह गीता ने पंखे के सहारे चुन्ने से फांसी लगा ली। परिजनों ने उसे फंदे से लटके हुए देखा तो शोर मचा दिया। फौरन अन्य लोगों की मदद से उसे फंदे से उतारकर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।