दिल्ली की राशन व्यवस्था फेल : रामवीर सिंह बिधूड़ी
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने शुक्रवार को दिल्ली सरकार पर राशन व्यवस्था को फेल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार घर-घर राशन पहुंचाने का दावा कर रही थी, लेकिन स्थिति यह है कि दिल्ली के 72 लाख लोगों में से अधिकतर को अप्रैल महीने का राशन अभी तक नहीं मिला है। बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली सरकार का काम केंद्र सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए मुफ्त अनाज को राशन की दुकानों तक पहुंचाना है, लेकिन दिल्ली सरकार वह भी नहीं कर पाई। बिधूड़ी ने मुख्यमंत्री का ध्यान इस ओर दिलाते हुए कहा कि अगर वो दिल्ली की समस्याओं की तरफ भी थोड़ा ध्यान दें तो उन्हें पता चलेगा कि राजधानी के राशन कार्डधारी किस कदर भटक रहे हैं।