पार्क में सिगरेट पीने से मना करने पर हमला
उत्तर पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा में घर के पास पार्क में सिगरेट पीने व संगीत बजाने से मना करने पर युवकों ने एक नाबालिग को पीट दिया। आरोपियों ने पीड़ित को बचाने पहुंचे उसके चाचा और उनके दोस्त पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, एक आरोपी की पहचान यमुना विहार के रहने वाले चेतन के रूप में हुई है।
पीड़ित 29 वर्षीय ज्ञान प्रताप शुक्ला भजनपुरा के यमुना विहार में रहते हैं। वह एलएलबी के छात्र हैं। ज्ञान प्रताप ने बताया कि 20 मई की रात 9:30 बजे उनका भतीजा 16 वर्षीय भुवन प्रताप पार्क में टहल रहा था। वहां चार युवक सिगरेट पीते हुए संगीत बजा रहे थे। भुवन ने उन्हें सिगरेट पीने और संगीत बजाने से मना किया। इस पर चारों उसके साथ मारपीट करने लगे। सूचना पर वह अपने दोस्त विशाल के साथ पार्क पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। विशाल के पैर, कूल्हे, कंधे व सिर में और ज्ञान प्रताप के कमर में चोट आई है।