पीड़ित की मदद करने आए युवक को बदमाशों ने ब्लेड मारा, हालत गंभीर
नई दिल्ली, 06 मई उत्तर पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क में गुरुवार रात लूट के दौरान बदमाशों ने पीड़ित
की मदद करने के लिए आगे आए एक युवक पर ब्लेड से हमला कर दिया। पेट पर ब्लेड लगने से युवक की आंतें
बाहर आ गईं। गंभीर रूप से घायल 22 वर्षीय सचिन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित 24 वर्षीय मनीष चौहान परिवार के साथ पश्चिमी घोंडा इलाके में रहते हैं।
वह गुरुग्राम में एक हेल्थ
इश्योरेंस कंपनी में काम करते हैं। मनीष गुरुवार रात दफ्तर से घर लौट रहे थे।
रात करीब 8:30 बजे शास्त्री पार्क
फ्लाईओवर के पास बस से उतर कर ई-रिक्शा पकड़ने के लिए वह शास्त्री पार्क चौक की तरफ पैदल जाने लगे।
तभी तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने उनकी गर्दन पर ब्लेड लगाकर पर्स व मोबाइल फोन लूट लिए।
मनीष ने शोर मचाया तो बदमाश धक्का देकर भागने लगे।
तभी वहां से बाइक से गुजर रहे ब्रह्मपुरी निवासी
सचिन ने शोर सुनकर मनीष को अपनी बाइक पर बैठा लिया और बदमाशों का पीछा करने लगे।
धर्मपुरा लालबत्ती
के पास बदमाश रुक गए और वापस आने लगे।
सचिन ने बदमाशों से मनीष का पर्स व फोन लौटने को कहा। इस
पर बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया।
एक बदमाश ने सचिन के पेट पर सर्जिकल ब्लेड से वार किया जिससे
उसकी आंतें बाहर आ गईं। बदमाश तुरंत फरार हो गए वहीं,
सचिन को नजदीक अस्पताल में ले जाया गया, जहां
से उसे जीटीबी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।