पुलिस हिरासत से फरार नाइजीरियाई तस्कर दबोचा
पुलिस हिरासत से फरार होने वाले एक नाइजीरियाई तस्कर को दक्षिणी जिले की एएटीएस और नारकोटिक्स स्क्वायड टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी इज चुकवू 13 अप्रैल को एक पुलिसकर्मी पर हमला कर हिरासत से फरार हो गया था।
पुलिस के अनुसार, 13 अप्रैल को नेब सराय थाना पुलिस ने आरोपी इज चुकबू को गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद वह एक पुलिसकर्मी पर हमला कर फरार हो गया था। आरोपी को पकड़ने के लिए जिले की एएटीएस और नारकोटिक्स स्क्वायड की संयुक्त टीम बनाई गई थी। टीम ने आरोपी की सीडीआर खंगाली और उसकी लोकेशन को ट्रेस करना शुरू किया। सीडीआर से फरार आरोपी के कुछ साथियों का पता चला। पुलिस ने नेब सराय के राजू पार्क से उसके एक साथी को पकड़ा। पूछताछ में उसने इज चुकवू के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस उसके ठिकाने पर पहुंची और उसे धर दबोचा। इस क्रम में पुलिस ने देवली, खानपुर, राजू पार्क, छतरपुर, राजपुर खुर्द, उत्तम नगर और महरौली में छापेमारी की।