राघव चड्ढा यंग ग्लोबल लीडर 2022 के खिताब से किए गए सम्मानित
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा को बुधवार को फोरम ऑफ यंग ग्लोबल लीडर्स कम्युनिटी द्वारा यंग ग्लोबल लीडर के रूप में सम्मानित किया गया है। फोरम ऑफ यंग ग्लोबल लीडर्स कम्युनिटी वल्र्ड इकोनॉमिक फोरम के साथ जुड़ी हुई है। यह फोरम सीमाओं और क्षेत्रों से परे दुनिया भर के नेताओं के विस्तृत और दीर्घकालिक भविष्य को आकार देने के लिए प्रोत्साहित करता है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी राघव चड्ढा को इसके लिए बधाई दी है।
विश्व आर्थिक मंच के अध्यक्ष क्लाउस श्वाब ने 2004 में दुनिया में तेजी से बढ़ रहे जटिल और एक-दूसरे पर निर्भर समस्याओं से निजात पाने के लिए युवा वैश्विक नेताओं के मंच का गठन किया है। यह 1400 से अधिक सदस्यों और 120 राष्ट्रीयताओं के एलुमनाई का एक परिवार है। जिसमें नागरिक और व्यावसायिक नवोन्मेषकों, उद्यमियों, प्रौद्योगिकी अग्रदूतों, शिक्षकों, कार्यकर्ताओं, कलाकारों, पत्रकारों सहित दूसरे क्षेत्रों के खास लोग भी शामिल हैं।
फोरम का गठबंधन विश्व आर्थिक मंच के मिशन के साथ किया गया है और यह वैश्विक सार्वजनिक हित में सार्वजनिक.निजी सहयोग को प्रबल करने का प्रयास करता है। भारतीय राजनीति में सीए राघव चड्ढा का उदय किसी गाथा से कम नहीं है। उन्होंने दिल्ली में लोकप्रिय भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के दौरान अरविंद केजरीवाल के साथ एक अनौपचारिक बैठक के साथ अपनी यात्रा शुरू की। इसके बाद जल्द ही पार्टी के पूर्णकालिक कार्यकर्ता बन गए और अंतत: चुनाव जीतकर दिल्ली विधानसभा पहुंचे व निर्विरोध राज्यसभा के सदस्य भी बने।