National 070

भाजपा को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में सत्ता

नई दिल्ली, 10 मार्च  पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश,
उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में सत्ता में वापसी करती दिख रही है जबकि पंजाब में आम आदमी पार्टी भारी बहुमत
से सरकार बनाती नज़र आ रही है।

उत्तर प्रदेश की 403, पंजाब की 117, उत्तराखंड की 70, मणिपुर की 60 और
गाेवा की 40 विधानसभा सीटों के लिए आज चल रही मतगणना में अपराह्न ढाई बजे तक गोवा में 10, मणिपुर
में नौ और पंजाब में 25 सीटों के परिणाम घोषित हो चुके हैं

जबकि उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड में एक भी सीट का
परिणाम घोषित नहीं हुआ है।

दोपहर ढाई बजे तक के रुझानों के अनुसार भाजपा को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के
अलावा मणिपुर तथा गोवा में भी निर्णायक बढ़त मिली हुई है।

चुनाव आयोग के अनुसार उत्तर प्रदेश की 403 सीटों
में से सभी सीटों के रुझानों में भाजपा 245, सपा 121 तथा अपना दल 11 सीटों पर आगे चल रहा है।

इसके
अलावा भी कुछ अन्य राजनीतिक दलों के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहरी
सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार से करीब 44 हजार मतों से तथा सपा
के अखिलेश यादव करहल सीट पर 42 हजार से ज्यादा मतों से आगे चल रहे हैं।

राज्य के बुंदेलखंड के सात जिलों
की कुल 17 सीटों में सभी पर भाजपा एवं उसके सहयोगी दलों के उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं।

पंजाब में सभी
117 सीटों के रुझानों में आम आदमी पार्टी 91 सीटें, कांग्रेस 19, शिरोमणि अकाली दल तीन और भाजपा दो सीटों
पर बढ़त बनाये हुए है।

मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी चमकौर साहिब सीट से पीछे चल रहे हैं और पंजाब कांग्रेस
के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू भी अमृतसर पूर्वी सीट पर आम आदमी पार्टी की जीवन जोत कौर से, पटियाला
सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह आम आदमी पार्टी प्रत्याशी अजीतपाल सिंह कोहली से और पूर्व मुख्यमंत्री तथ
शिरोमणि अकाली दल के प्रकाश सिंह बादल लम्बी सीट से आप उम्मीदवार गुरमीत सिंह खुदीयां से पिछड़ चुके हैं।

उत्तराखंड में सभी 70 सीटों के रुझानों में भाजपा 48, कांग्रेस 18 आगे चल रही है। इस राज्य में बहुजन समाज
पार्टी दो सीटों पर बढ़त बनाये हुए है। मुख्यमंत्री पुष्करसिंह धामी खटीमा सीट से करीब छह हजार वोटों से और
कांग्रेस उम्मीदवार तथा पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत लालकुआं सीट से 16 हजार वोटों से पीछे चल रहे हैं।

गोवा में
40 सीटों में से भाजपा 20, कांग्रेस 11, आम आदमी पार्टी एवं महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी को दो-दो, निर्दलीय
तीन, गोवा फारवर्ड पार्टी एवं रेवोल्यूशनरी गोवन पार्टी को एक एक सीट पर बढ़त मिली है।

संकुलेम सीट से
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत 386 वोटों में विजयी घोषित किये गये हैं। मणिपुर की 60 सीटों में 45 के रुझान मिले हैं
जिनमें भाजपा 20, कांग्रेस चार, नागा पीपुल्स फ्रंट पांच, जनता दल यूनाइटेड एवं नेशनल पीपुल्स पार्टी छह-छह
सीटों पर बढत बनाए हुए है। राज्य विधानसभा चुनाव का पहला परिणाम घोषित किया जा चुका है

और यह
परिणाम जनता दल यू के पक्ष में गया है और इसके प्रत्याशी नगूरसंगलूर सनाते ने भाजपा के सीएल येमो को
1249 मतों से पराजित किया है। भाजपा नेता तथा राज्य के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह हींगांग सीट से करीब 16
हजार वोटों से बढ़त बनाए हुए हैं।