हरिद्वार के डाडा जलालपुर में स्थिति अब सामान्य, दो और आरोपी गिरफ्तार
देहरादून, 18 अप्रैल उत्तराखंड में हरिद्वार जिले के डाडा जलालपुर गांव में दो दिन पहले हनुमान जयंती
पर निकाली गयी शोभायात्रा पर पथराव से पैदा हुए सांप्रदायिक तनाव के बाद स्थिति अब सामान्य हो रही है।
पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में सोमवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि भगवानपुर क्षेत्र के गांव में अब स्थिति सामान्य हो रही है और इसे देखते हुए वहां तैनात
पुलिस बल की संख्या भी पहले के मुकाबले कम कर दी गयी है।
भगवानपुर के थाना अधिकारी पी. डी. भट्ट ने बताया कि सोमवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया
गया। उन्होंने बताया कि इस तरह इस मामले में अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
घटना के सिलसिले में 13 लोगों के खिलाफ नामजद और लगभग 40 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड
विधान की गंभीर धाराओं 153(ए), 295(ए), 147, 148, 149, 323, 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस बीच मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह से मिलकर सत्तारूढ़
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं पर भय का माहौल बनाने तथा पुलिस पर एकतरफा
कार्रवाई करने का आरोप लगाया और घटना की निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह किया।