हिजाब विवाद की कर्नाटक सरकार जांच करे: भाजपा सांसद
मुस्कान और हिजाब विवाद के पीछे के तत्वों के संभावित संपर्कों की कर्नाटक सरकार जांच करे: भाजपा सांसद
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अनंतकुमार हेगड़े ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि कॉलेज छात्रा मुस्कान खान और हिजाब विवाद के पीछे तत्वों और प्रतिबंधित संगठन अल कायदा के बीच के ‘संभावित संपर्कों की विस्तृत जांच की जाए। मुस्कान खान की अल कायदा के सरगना ऐमन अल जवाहिरी ने एक वीडियो में हाल में तारीफ की है। फरवरी में हिजाब विवाद के चरम पर होने के दौरान मांड्या की बीकॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा मुस्कान खान हिजाब पहनकर जब कॉलेज में जा रही थी तो उस दौरान भगवा शॉल पहने छात्रों के एक समूह ने उनका रास्ता रोकने की कोशिश की थी।
वे ‘जय श्री राम’ के नारे लगा रहे थे, जिसके प्रतिवाद में मुस्कान खान ने ‘अल्लाह-हु-अकबर’ का नारा लगाया गया था। हाल में जवाहिरी ने एक वीडियो में मांड्या की रहने वाली लड़की की तरीफ की। पूर्व केंद्रीय मंत्री, हेगड़े ने कहा कि मुस्कान का कृत्य विश्व समाचार बन गया था और उन्हें कई मुस्लिम संगठनों ने पुरस्कृत भी किया था और अब एक प्रतिबंधित आतंकी संगठन के सरगना जवाहिरी ने उनकी प्रशंसा की है।