पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमाेहन सिंह को गुरुवार को अणुव्रत पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। अणुव्रत विश्व भारती सोसाइटी के अध्यक्ष संचय जैन ने बुधवार को यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि यह अणुव्रत आंदोलन का शीर्ष पुरस्कार है। डॉ. सिंह को यह पुरस्कार व्यक्तिगत जीवन में सादगी और शुचिता तथा नैतिक एवं मानवीय मूल्यों के उन्नयन में उनके रचनात्मक योगदान के लिए प्रदान किया जा रहा है।
अणुव्रत आंदोलन की स्थापना जैन आचार्य तुलसी ने समाज और व्यक्ति के जीवन में संयम, शुचिता और अहिंसा के मूल्य के लाने के लिए की थी।
उन्होंने बताया कि इससे पहले यह पुरस्कार 26 विशिष्ट व्यक्तियों को प्रदान किया जा चुका है। इनमें सर्वश्री गुलजारी लाल नंदा, डॉ. आत्माराम, जैनेंद्र कुमार, शिवाजी भावे, लालकृष्ण आडवाणी, शिवराज पाटिल, टी एन शेषन और प्रकाश आम्टे शामिल हैं।
श्री जैन ने कहा कि डॉ. सिंह को पुरस्कार स्वरुप डेढ़ लाख रुपए नकद और एक प्रशस्ति पत्र तथा अंगवस्त्र प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उन्हें यह पुरस्कार कल उनके आवास पर प्रदान किया जाएगा।