19 अप्रैल साल का सबसे गर्म रहा
राजधानी दिल्ली में 19 अप्रैल इस साल का सबसे गर्म दिन रहा। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से छह डिग्री ज्यादा है। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में मंगलवार सुबह से तेज चमकदार सूरज निकला रहा। दिन चढ़ने के साथ ही धूप भी तेज होती गई। दोपहर के समय लू के थपेड़ों के चलते लोगों का घर से निकलना मुश्किल होने लगा। वहीं हवा की तेज गति ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी।
मंगलवार से पहले 11 अप्रैल के दिन भी अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। लेकिन उस दिन राजधानी के 12 में से सात मौसम केंद्र ऐसे थे, जहां का अधिकतम तापमान 43 डिग्री के पार दर्ज किया गया था। वहीं मंगलवार के दिन दिल्ली के आठ मौसम केंद्र ऐसे रहे, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री से ज्यादा रहा। इस हिसाब से यह साल का सबसे गर्म दिन रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, सफदरजंग में मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। यहां आर्द्रता का स्तर 69 से 14 फीसदी तक रहा।