
वंदे मातरम और चुनाव सुधार पर चर्चा के बाद दबाव में है सरकार

संसद भवन परिसर में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संसद भवन परिसर में कांग्रेस सदस्यों के साथ शुक्रवार को बैठक की। इस दौरान उन्होंने वर्तमान शीतकालीन सत्र के दौरान वंदे मातरम और चुनाव सुधारों पर चर्चा के दौरान पार्टी सांसदों के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा कि सरकार अब इन दोनों विषयों पर दबाव में है। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी। राहुल गांधी ने कांग्रेस के लोकसभा सदस्यों के साथ संसद भवन परिसर में यह बैठक की, जिसमें पूर्व गृह मंत्री शिवराज पाटिल को श्रद्धांजलि भी दी गई। पाटिल (90) का शुक्रवार को निधन हो गया। बैठक के बाद कांग्रेस सूत्रों ने बताया, नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि दे मातरम और चुनाव सुधारों के मुद्दों हमारे सांसदों ने चर्चा के दौरान अच्छा प्रदर्शन किया। सदन में कांग्रेस के मुख्य सचेतक कोडिकुनिल सुरेश ने एक बातचीत में कहा, यह नियमित तौर पर होने वाली बैठक थी। >>>Visit: Samadhanvani
शशि थरूर ने तीसरी बार बैठक में नहीं लिया भाग

तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर राहुल गांधी की अध्यक्षता में हुई कांग्रेस सांसदों की बैठक में शामिल नहीं हुए। पार्टी सूत्रों के अनुसार, थरूर ने अपनी अनुपलब्धता के बारे में पार्टी को पहले ही सूचित कर दिया था। एक अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता और चंडीगढ़ सांसद मनीष तिवारी भी बैठक में मौजूद नहीं रहे। शशि थरूर की सोशल मीडिया टाइमलाइन के अनुसार, वह बृहस्पतिवार रात कोलकाता में प्रभा खेतान फाउंडेशन की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में उपस्थित थे। यह तीसरा मौका है जब धरूर कांग्रेस की बैठक में शामिल नहीं हो सके।



