
एसआईआर कार्यों में अलीगढ़ अग्रणी, 73.65 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूर्ण

राजनैतिक दलों के साथ बैठक कर अलीगढ़ 27 फरवरी 2026 (सू0वि0): उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कल्याण सिंह हेबीटेट सेंटर में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर नोटिस सुनवाई प्रक्रिया एवं विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में विभिन्न दलों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक में भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी, आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, राष्ट्रीय लोकदल के प्रतिनिधियों ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण को लेकर अपने-अपने विचार साझा किये। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी दलों को नोटिस जारी होने की प्रक्रिया, सुनवाई की पारदर्शी व्यवस्था एवं दावे-आपत्तियों के निस्तारण की समयबद्ध प्रणाली से अवगत कराया। बैठक के दौरान उपस्थित प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर उनके सुझाव आमंत्रित किए गए। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया में सहयोग का आश्वासन दिया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन कार्यों में राजनीतिक दलों की रचनात्मक भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता लोकतंत्र की आधारशिला है। उन्होंने समस्त राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि अपने-अपने बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से अधिकाधिक नए एवं युवा मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि प्रथम बार मतदान करने वाले युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान राजनैतिक दलों से आव्हान किया कि महिला एवं युवा मतदाताओं पर विशेष ध्यान देने का आव्हान किया।|>>>Visit: Samadhanvan
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने राजनैतिक दलों के साथ की बैठक

जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव रंजन ने बताया कि जिले की कुल जनसंख्या 46,92,093 है, जिसमें 24,92,985 पुरुष एवं 21,99,108 महिलाएं शामिल हैं। जनपद में 7 विधानसभा क्षेत्र 71-खैर, 72-बरौली, 73-अतरौली, 74-छर्रा, 75-कोल, 76-अलीगढ़ एवं 77-इगलास स्थित हैं। निर्वाचन कार्यों के लिए 7 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 183 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 7 एसआईआर पर्यवेक्षक, 183 सेक्टर ऑफिसर, 324 सुपरवाइजर एवं 3234 बीएलओ तैनात किए गए हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा 9853 बीएलए भी नियुक्त किए गए हैं, जिससे पुनरीक्षण कार्य में पारदर्शिता सुनिश्चित हो रही है। उन्होंने मतदाता संख्या एवं अनुपात की जानकारी देते हुए बताया कि 1 जनवरी 2026 के आधार पर प्रकाशित निर्वाचक नामावली में कुल 22,76,190 मतदाता दर्ज हैं, जिनमें 12,40,022 पुरुष, 10,36,086 महिला एवं 82 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। ईपी रेशियो 48.69 प्रतिशत और जेंडर रेशियो 836 है। वर्ष 2003 में मतदाताओं की संख्या 15,86,626 थी, जो अब उल्लेखनीय रूप से बढ़ी है। जिले में 1642 मतदान केंद्र एवं 3234 मतदेय स्थल स्थापित हैं। विधानसभा क्षेत्रवार मतदान केंद्रों की जानकारी देते हुए बताया कि खैर में 261, बरौली में 259, अतरौली में 299, छर्रा में 258, कोल में 136, अलीगढ़ में 94 एवं इगलास 335 है।बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक सशक्त एवं सहभागितापूर्ण बनाने पर सहमति व्यक्त की गई। इस अवसर पर मण्डलायुक्त संगीता सिंह, एसएसपी नीरज जादौन, नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार समेत जिलाध्यक्ष भाजपा कृष्णपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष इंजी राजीव शर्मा, कांग्रेस से नदीम गफूर, बीएसपी से एडवोकेट अशोक सिंह, आप से ठा0 नरेन्द्र सिंह अन्य राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि एवं सभी ईआरओ उपस्थित रहे।



