चीन सीमा पर बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रहा भारत

जयशंकर ने शनिवार को कहा कि चीन के साथ भारत की सीमा पर ‘हलचल’ बढ़ी है और इसके मद्देनजर भारतीय सैनिकों की लगातार और कहीं अधिक बड़ी तैनाती की जरूरत है। उन्होंने सीमा के पास बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के भारत के नीतिगत दृष्टिकोण के बारे में भी बताया। जयशंकर ने कहा कि 2020 में पूर्वी लद्दाख की गलवन घाटी में हुई हिंसक झड़पों के बाद से भारत ने वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर अपनी सैन्य क्षमताओं को मजबूत किया है। विदेश मंत्री ने यहां एक कार्यक्रम में यह टिप्पणियां की। उनकी ये टिप्पणियां ऐसे समय आई हैं जब भारत और चीन अपने संबंधों को सामान्य बनाने की कोशिश कर रहे हैं। बता दें कि पूर्वी लद्दाख में सैन्य गतिरोध के कारण चार साल से अधिक समय तक भारत और चीन के बीच रिश्ते तनावपूर्ण रहे। अक्टूबर 2024 में रूस के कजान शहर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग की मुलाकात हुई, जिसके बाद दोनों देशों के रिश्तों में सुधार की शुरुआत हुई जयशंकर ने कहा- ‘जहां तक सीमा की बात है तो मैं ईमानदारी से यह कहना चाहूंगा और मुझे लगता है कि इसे साबित करने के लिए काफी आंकड़े और सुबूत भी मौजूद हैं कि लगभग एक दशक पहले तक सीमा के बुनियादी ढांचे की वास्तव में अनदेखी की गई थी। विदेश मंत्री ने कहा-‘वास्तव में पिछले एक दशक में ही इस पर ध्यान दिया गया तथा संसाधन और नीतिगत बढ़ावा दिया गया।’
भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते

अंतिम मुद्दों को सुलझाने के लिए बातचीत जारी है और समझौते पर जल्द मुहर लग सकती है। ऐसी अटकलें हैं कि 14 और 15 दिसंबर को मियामी में होने वाले जी 20 शिखर सम्मेलन से इतर मोदी और ट्रंप की बातचीत के बाद भारत और अमेरिका व्यापार समझौते की घोषणा कर सकते हैं। जयशंकर ने कहा- “हमारे लिए अहम यह है किं व्यापार समझौता लाभकारी और संतुलित हो और अर्थव्यवस्थाओं के समूहों के मुकाबले हमें प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त दे।” विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि प्रस्तावित व्यापार समझौते को दोनों देशों के व्यापक परिप्रेक्ष्य में देखा जाना चाहिए। विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि अमेरिका भारत का सबसे बड़ा बाजार है और उसके साथ व्यापार समझौता देश के लिए फायदेमंद होगा। जयशंकर ने यह भी कहा कि पश्चिम एशिया और यूक्रेन में बड़े टकरायों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा, स्वायत्त निर्णय केंद्रों की बढ़ती संख्या और वैश्विक स्तर पर अधिक लेन-देनपरक रुख वाली नई बहुधुवीय विश्व व्यवस्था आकार ले रही है। दुनिया बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है।
