सांसों पर संकट फिर बढ़ने लगा दिल्ली में प्रदूषण

दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता बढ़ा रहा है। शहर के कई इलाकों में हवा बेहद खराब स्थिति में पहुंच गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के 15 इलाकों में पीएम 2.5 का स्तर 300 या उससे अधिक दर्ज किया गया। इससे साफ है कि राजधानी की हवा लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। आंकड़ों के अनुसार, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) क्षेत्र में सबसे अधिक 384 पीएम 2.5 दर्ज किया गया। इसके बाद सिरिफोर्ट में 365, एनएसयूटी जाफरपुर में 361, पूसा (आईआईटीएम) में 352 और चांदनी चौक में 343 का स्तर रहा। वहीं, तालकटोरा गार्डन में 340, सीआरआरआई मथुरा रोड में 330 और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 327 प्रदूषण दर्ज किया गया।
वजीरपुर में 288, झरोदा कलां में 287 और द्वारका – सेक्टर-8 में 280 पीएम 2.5 रहा।

दिल्ली में बीते कई दिन से चल रही तेज हवाओं ने प्रदूषण से कुछ राहत जरूर दिलाई है, लेकिन जहरीली हवा का खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है। बयार भले ही खराब श्रेणी में हो लेकिन, इससे अभी भी दिल्लीवासियों की मांगों पर संकट बरकरार है। वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का अनुमान है कि शुक्रवार को हवा एक बार फिर बेहद खराब श्रेणी में पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को प्रदूषित हवा से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। दूसरी ओर, बृहस्पतिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 280 दर्ज हुआ, जोकि खराब श्रेणी में है। यह बुधवार की तुलना में 48 सूचकांक अधिक है। भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के अनुसार, बृहस्पतिवार को औसतन पांच किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से हवा उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर से चलीं। वहीं, शुक्रवार को हवा उत्तर-पूर्व से पांच किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से चलने का अनुमान है। साथ ही, शनिवार को हवा दक्षिण-पूर्व दिशा से चल सकती है। इस दौरान हवा की गति 10 किमी प्रतिघंटा रहने के आसार है। सीपीसबी के अनुसार, हवा में मौजूद हानिकारक पीएम 2.5 कणों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बृहस्पतिवार को शाम पांच बजे पीएम 2.5 110.1 और पीएम 10 200.8 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया, जो मानकों से कई गुना ज्यादा है। सीपीसीबी के अनुसार, बृहस्पतिवार को 1490 आग लगने की घटनाएं दर्ज की गई।
