सरकार के प्रमुख के रूप में नरेंद्र मोदी ने 25 साल पूरे कर बनाया नया रिकॉर्ड

राज्य और केंद्र सरकारों के प्रमुख के रूप में 25 साल पूरे होने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत 2047 तक विकसित देश बन जाएगा। दिल्ली में बुधवार को विकसित भारत संकल्प सभा में प्रधानमंत्री ने हम यह कर दिखाएंगे (वी विल डू इट) का नारा भी दिया। पीएम ने 50 मिनट के अपने भाषण में कम से कम 19 बार वी विल डू इट कहा। उन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी सरकार की उपलब्धियां बताईं और कहा, जो चीजें कभी नामुमकिन लगती थीं, अब मुमकिन हैं। 2026 में विकसित भारत का जो सपना हम देख रहे हैं, वह जरूर सच होगा। 140 करोड़ भारतीय विकसित भारत जरूर बनाएंगे। पीएम ने कहा, हर किसी ने मुझे कुछ न कुछ सिखाया। जिन लोगों ने मुझे गिराने की कोशिश की, उन्होंने मुझे फिर से उठना सिखाया। मेरे आलोचकों ने मुझे अपने भीतर झांकना सिखाया।
जाति के आधार पर बंटवारा बड़ी चुनौती

पीएम ने चेतावनी दी कि वोट बैंक के फायदे के लिए जातिगत बंटवारा देश की सबसे बड़ी चुनौतियों में एक है। उन्होंने कहा, मुश्किल समय का असर बिना भेदभाव के हर समुदाय और जाति पर पड़ता है। किसान के खेत में पानी नहीं आता, तो सभी जातियों पर असर होता है। जब बिजली नहीं होती, अंधेरा सभी समुदायों पर छाता है। समस्या सबकी है, तो समाधान भी सामूहिक होना चाहिए।
