कनाडा में नौकरी दिलाने के नाम पर 100 से अधिक लोगों से ठगी

कनाडा में नौकरी और वर्क वीजा दिलाने के नाम पर 100 से अधिक लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का कमिश्नरेट पुलिस ने खुलासा किया है। कोतवाली फेज-1 पुलिस ने राहुल कुमार चौहान, संदीप सिंह और पूजा महाजन को गिरफ्तार किया है। आरोपी हवाला के माध्यम से लेनदेन करते थे। आरोपियों के कब्जे से पांच पासपोर्ट, सात मोबाइल फोन व थार बरामद हुई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी पहले कागजी कार्रवाई, बायोमीट्रिक्स और मेडिकल के नाम पर प्रत्येक ग्राहक से 25 हजार रुपये लेते थे। इसके बाद कनाडा का टेंपरेरी रेजिडेंस वीजा दिलाने के नाम पर प्रत्येक से 12.50 लाख रुपये की मांग करते थे। सेक्टर-2 स्थित एजुकेशन कंसल्टेंसी संचालित करने वाले सुशांत गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि राहुल कुमार चौहान, संदीप सिंह और पूजा महाजन खुद को कनाडा की कंपनी से जुड़ा हुआ बताकर विदेश में नौकरी लगवाने का झांसा देते थे। आरोपियों ने जून 2026 को उनकी कंपनी से जुड़े अभ्यर्थियों राहुल कुमार चौहान समेत अन्य को कनाडां वर्क बीजा का ऑफर दिया।
एप से कॉल, स्क्रीन पर दिखता था कनाडा का नंबर

पुलिस के अनुसार आरोपी संदीप अरमान नाम से कंसल्टेंसी कंपनियों से संपर्क करता था। वह माई सेकेंड लाइन ऐप के जरिये कनाडा का वर्चुअल फोन नंबर इस्तेमाल करता था और खुद को कनाडा में रहने वाला बताकर बातचीत करता था। इस ऐप के माध्यम से कॉल करने पर कनाडा का नंबर दिखाई देता था। इसमें शामिल अन्य आरोपी भी नाम बदलकर बात करते थे। जेनिफर बनकर पूजा करती थी बात पुलिस के मुताबिक कनाडाई महिला क्रिस्टन जेनिफर के नाम से संपर्क करने वाली महिला की असली पहचान पूजा महाजन है। वह विदेशी महिला बनकर कंसल्टेंसी संचालकों से बातचीत करती थी। पूजा महाजन के अतीत की भी जांच की जा रही है। अगस्त 2023 में चंडीगढ़ पुलिस ने पूजा महाजन जेल भेजा था। कंसल्टेंसी के पांच ग्राहकों के वीजा आवेदन की प्रक्रिया शुरू कराई गई। प्रत्येक ग्राहक से करीब 25 हजार रुपये पेपरवर्क, बायोमेट्रिक्स व मेडिकल जांच के नाम पर लिए गए। ग्राहकों के बायोमेट्रिक्स कनॉट प्लेस स्थित वीएफएस ग्लोबल और मेडिकल राजेंद्र नगर दिल्ली स्थित मैक्स अस्पताल में कराया गया।
