CEC के खिलाफ विपक्ष का तीसरे दिन भी प्रदर्शन, फिर बापू को नमन

आयुक्त के इस्तीफे की मांग और कथित वोट चोरी के खिलाफ I.N.D.I.A. ब्लॉक के आंदोलन का दायरा बढ़ने लगा है। गुरुवार को दिल्ली के अलावा अलग-अलग राज्यों में भी प्रदर्शन हुए। यूपी, बिहार, तेलंगाना से लेकर ओडिशा, त्रिपुरा, जम्मू-कश्मीर और महाराष्ट्र में विपक्ष सड़कों पर उतरा। दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, TMC सांसद अभिषेक बनर्जी समेत अन्य सांसद और नेता दोपहर दो बजे कनॉट प्लेस के एक रेस्तरां में लंच के लिए जुटे।
SIR और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन

करीब सवा तीन बजे बसों से राजघाट्ट रवाना हुए। उनके साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी नारेबाजी करते चल रहे थे। गुरुवार को पुलिस ने सांसदों को रोकने की कोशिश नहीं की। राजघाट पर दिल्ली कांग्रेस के कार्यकर्ता पहले से मौजूद थे। यहां सांसद महात्मा गांधी की समाधि के सामने बैठे और प्रार्थना की। समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय और मोहिबुल्लाह भी गुरुवार को विपक्षी सांसदों के लंच और इसके बाद हुए राजघाट मार्च में शामिल हुए। देशभर में कई जगह प्रदर्शन हुए। दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दूसरे दिन I.N.D.I.A. ब्लॉक के सांसदों को लंच दिया और फिर राहुल और प्रियंका गांधी समेत तमाम नेताओं ने राजघाट में बापू को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान तृणमूल, समाजवादी पार्टी समेत कई विपक्षी दल शामिल रहे। खरगे ने कहा कि बापू की समाधि पर प्रार्थना का मकसद यह है कि सरकार को सद् बुद्धि आए और ‘वोट चोरी’ बंद हो। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पीएम, अमित शाह, मोहन भागवत और CEC ने आपराधिक साजिश के जरिए देश को हाईजैक किया है।
