बटेंगे नहीं तो कटेंगे भी नहीं, जाति के नाम पर बांटने वालों से रहें सतर्क

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में कार्यकर्ताओं को 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए सक्रिय होने का संदेश दिया। उन्होंने संगठन की ताकत बूथ स्तर तक मजबूत करने, सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और विपक्ष के नकारात्मक प्रचार का तथ्यों के साथ जवाब देने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और उसकी विशिष्ट पहचान विचारधारा, मूल्य और आदर्श हैं। इन्हीं के लिए कार्यकर्ता मान-अपमान की चिंता किए बिना निष्ठा से काम करता है। जाति के नाम पर समाज को बांटने वालों से सतर्क करते हुए उन्होंने कहा कि बटेंगे नहीं तो कटेंगे भी नहीं।योगी ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि सरकार के कामकाज का लाभ तभी राजनीतिक ताकत में बदलेगा, जब उसकी जानकारी बूथ स्तर तक पहुंचेगी। उन्होंने जिलाध्यक्षों, विधायकों, जिला व विधानसभा क्षेत्र प्रभारियों को सरकार की उपलब्धियों तथा पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल की तुलनात्मक पुस्तिकाएं प्रत्येक बूथ तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
1.63 लाख सक्रिय बूथों से प्रतिदिन विकास कार्यों की सकारात्मक कहानियां साझा

मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए बूथ स्तर पर अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कमल साथी एप पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर पात्र मतदाताओं की पहचान करने और 18-19 वर्ष के युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया। सांसदों, विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों से अभियान की नियमित समीक्षा करने को कहा। मुख्यमंत्री ने 30 अक्टूबर 1990 को अयोध्या में कारसेवकों पर गोली चलने की घटना का उल्लेख कर सपा पर निशाना साधा। कहा कि राम मंदिर आंदोलन के दौरान कार्यकर्ताओं ने लाठी-गोली खाने के बावजूद संकल्प नहीं छोड़ा। आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण उसी संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस इतिहास और सरकार के कार्यों को भी जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। दीपावली पर वंचितों-निराश्रित परिवारों तक दीप व मिठाई पहुंचाने की अपील की। अटल बिहारी की पंक्तियों का उल्लेख करते याद दिलाया कि संगठन व राष्ट्र निर्माण का यज्ञ अभी अधूरा है। सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाने, बूथ मजबूत करने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को ही उठानी होगी।
